अमरोहा। परिवहन विभाग के अधिकारी जहां आपका चालान काटेंगे, वहीं मौके पर जुर्माना राशि जमा करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शासन की ओर से विभाग को पीओएस मशीन मिलेंगी।
मई तक पीओएस मशीन से चालान भरने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए विभागीय अफसरों ने कवायद शुरू कर दी है। बार कोड से भी चालान की राशि जाम की जा सकेगी। इससे चालान वसूलने के साथ ही भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। संभागीय परिवहन विभाग में अभी जुर्माना भरने के लिए मैनुअल व्यवस्था है। अगर किसी वाहन चालक को चालान होता है तो उसे नकद भुगतान करना पड़ता है।
अब जुर्माना जमा करने के लिए वाहन मालिकों को कार्यालय या ऑनलाइन जमा करने के लिए जनसुविधा केंद्रों पर नहीं जाना पड़ेगा। पीओएस मशीनों के जरिये चालान कटने वाली जगह पर भी जुर्माना राशि जमा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही हर चालान की नियमित जानकारी रियल टाइम विभाग को मिल सकेगी।
मशीन से बनाए गए चालान के क्रमांक नंबर देखकर वाहन मालिक घर बैठे भी चालान की रकम जमा करा सकते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से परिवहन विभाग को पीओएस मशीन उपलब्ध कराई है। इन मशीनों के जरिये जहां चालान प्रक्रिया पेपरलेस होगी, वहीं विभाग के कामकाज में भी पारदर्शिता आएगी।
- पीओएस मशीन से बनाए गए चालान पर वाहन चालक को डेबिट, क्रेडिट कार्ड से भी जुर्माना जमा कराने की सुविधा मिलेगी। आगे यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआइ) से भी कनेक्ट किया जाएगा। पीओएस मशीनों का परिवहन विभाग में बेहतर तरीके से इस्तेमाल हो, इसके लिए परीक्षण होगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
- महेश शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन