अमरोहा। सुनपुरा के जंगल में मृत मिली मादा तेंदुए की मौत दूसरे तेंदुए के हमले से हुई थी। मादा तेंदुए के गले पर गहरे घाव मिले हैं। सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
दो सितंबर की सुबह अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के सुनपुरा गांव निवासी आदेश शर्मा के बाजरे के खेत में मादा तेंदुए का शव मिला था। वन विभाग और पुलिस टीमें ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। मृत मादा तेंदुए के गले पर घाव मिले थे। इसलिए वन विभाग के अधिकारियों ने दो तेंदुए के बीच हुई लड़ाई में मादा तेंदुए की मौत होने की बात कही थी। इस दौरान विभाग ने तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा था। सोमवार को डीएफओ देवमणि मिश्रा ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि तेंदुए के हमले से ही मादा तेंदुए की मौत हुई थी।