अमरोहा। किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने वाले युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया तो उसके परिजनों ने किशोरी के परिजनों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। सोशल मीडिया पर भी धमकी भरे संदेश भेजे। मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा नगर के एक मोहल्ले में मजदूर का परिवार रहता है। उनकी 15 साल की बेटी को मोहल्ले का ही वरुण बहला फुसलाकर ले गया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर वरुण को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। किशोरी के भी कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए, जहां से किशोरी को नारी निकेतन भेज दिया गया। वरुण के जेल जाने के बाद उसके परिवार के इशांत, अश्वनी, तरुण और राज ने किशोरी के परिजनों के खिलाफ सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भरे संदेश शेयर किए।
मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया। किशोरी के परिजनों ने इसकी शिकायत धमकी देने वालों के परिवार के मनोज, मुकेश, सतीश से की तो उन्होंने भी गाली-गलौज और मारपीट की। किशोरी के पिता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। सीओ अरुण कुमार ने बताया के मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।