अमरोहा में मंगलवार को बिजनौर रोड पर जाम में फंसे वाहन व राहगीर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा छूटते ही शहर जाम से कराह उठा। दो किलोमीटर की दूरी तय करने में राहगीरों को 40 मिनट तक का समय लग गया। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। टीपी नगर चौराहे से लेकर नत्थे खां की मस्जिद तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। नानकचंद रोड और बिजनौर रोड पर भी वाहनों के पहिए थम गए। दिनभर शहर भर में वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। सिविल और ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों ने राहत केे सांस ली।
मंगलवार को जनपद में बीस कालेजों में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा प्रस्तावित थी। दो पालियों में 20 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। बीस में से 14 परीक्षा केंद्र शहर में बनाए गए थे। ऐसे में सुबह से ही अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। महिला अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावक भी थे। चौक-चौराहों पर वाहनों को दबाव बढ़ते ही शहर जाम से जूझने लगा। दस बजे शुरू होकर 12 बजे जैसे ही परीक्षा छूटी तो हालात बिगड़ गए। तभी टीपी नगर चौराहे से बिजनौर रोड पर नत्थे खां की मस्जिद, उधर जोया रोड स्थित ओवरब्रिज, नानकचंद रोड, कैलसा बाईपास रोड पर वाहनों के पहिए थम गए।
थोड़ी ही देर में भीषण जाम लग गया। एक किलोमीटर दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। वाहनों का निकलना तो दूर पैदल निकलना भी दुश्वार हो गया। शहर में दिनभर वाहन रेंग-रेंग कर गुजरते दिखे। हालात ये हो गए कि दो मिनट की दूरी चालीस मिनट में तय हो सकी। शाम चार बजे तक शहर में जाम के हालात बने रहे। जाम खुलवाने के लिए व्यवस्था में तैनात सिविल और ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। वहीं, पांच बजे दूसरी पाली की परीक्षा खत्म होते ही फिर यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई।