हसनपुर (अमरोहा)। नगर में पैदल जा रहे उझारी निवासी नदीम को सांड़ ने सींगों पर उठाकर पटक दिया जिससे वह घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना से लोगों में रोष है। आक्रोशित लोगों ने छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है।
उझारी के मोहल्ला मंसूरपुर निवासी नदीम किसी काम से सोमवार शाम हसनपुर में आए थे। मोहल्ला लालबाग रेतिया में पैदल जा रहे थे। इसी बीच एक सांड़ ने नदीम को सींगों से उठाकर पटक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड़ को भगाया। साथ ही घायल नदीम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस वीडियो को लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
अभी तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। उधर, घटना से लोगों में रोष है। उनका कहना है कि आए दिन इसी तरह से हिंसक सांड़ रास्ते से गुजरते लोगों पर हमला कर रहे हैं लेकिन जिम्मेदार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने हिंसक सांड़ व सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष राजपाल सैनी ने बताया कि नगर में जितने भी हिंसा पशु हैं उन्हें अभियान चलाकर पकड़वाया जाएगा और कान्हा गोशाला में संरक्षित किया जाएगा।