हसनपुर। मोहल्ला खंकर वाला कुआं में घर से दुकान पर सामान लेने जा रहे दो बच्चों पर अलग-अलग स्थानों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हमलावर एक कुत्ता पागल बताया जा रहा है। घायल बच्चों का सीएचसी में उपचार कराया गया। घटना से लोगों में रोष है। उन्होंने आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला खंकर वाला कुआं निवासी खालिद का बेटा हमजा (10) और मोहल्ला कुरेशिया निवासी हाफिज इमरान का बेटा अब्दुल्ला (12) मंगलवार को अपने-अपने घर से दुकानों पर जा रहे थे। जैसे ही वह दुकान से कुछ दूरी पर पहुंचे। दोनों बच्चों को अलग-अलग स्थानों पर आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। शोर सुन आसपास के लोगों ने कुत्तों को दौड़ाकर दोनों बच्चों को बचाया। घायल बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सक ने एंटी रेबीज लगाने के बाद उपचार शुरू किया।
उधर, मोहल्ला निवासी व्यक्ति मोहसिन को सोमवार रात को आवारा कुत्तों ने काटा था। आवारा कुत्तों को लेकर मोहल्ले के लोगों में दहशत बनी हुई है। लोगों का कहना है कि आवारा और पागल कुत्तों को पकड़ा जाए। इनसे निजात दिलाई जाए। नगर पालिका के अध्यक्ष राजपाल सैनी का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़वाया जाएगा। वहीं सीएचसी के प्रभारी डाॅ. ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि सीएचसी में एंटी रेबीज की पर्याप्त डोज उपलब्ध हैं। घायल बच्चों को का उचित उपचार किया गया है।