नौगांवा सादात(अमरोहा)। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बीलना गांव निवासी किराना व्यापारी महताब के पांच वर्षीय बेटे ताबिश की अपहरण के बाद हत्या में गिरफ्तार किए गए पड़ोस में ही जींस-जैकेट का कारखाना संचालित करने वाले समीर के घर गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह तोड़फोड़ कर दी। समीर की बुधवार रात गिरफ्तारी होने के बाद से उसके घर वाले गायब हैं। धावा बोलने के अंदाज में ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई भीड़ ने एलान किया कि अब इस परिवार को गांव में नहीं रहने देंगे।
इस मामले में गिरफ्तार हुए समीर को लेकर ग्रामीणों के बीच बुधवार से ही गुस्सा बढ़ रहा था। गुरुवार को भी ज्यादातर ग्रामीण बच्चे की जान जाने के गम में और आरोपी समीर के प्रति गुस्से में नजर आए। एक स्थान पर धीरे-धीरे ग्रामीणों की भीड़ जुटी और सभी ने आरोपी समीर के घर धावा बोल दिया। घर में कोई सदस्य न होने से बंद ताले को तोड़कर घुसी भीड़ ने समीर के घर का तमाम सामान तोड़ डाला। इस बीच सामूहिक एलान किया कि अब समीर या उसके परिवार के सदस्यों को गांव में नहीं रहने देंगे।
समीर के बंद घर में भीड़ के घुसकर तोड़फोड़ करने की जानकारी पर दरोगा कमल कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस प्रशासन ने समीर के घर नया डलवाते हुए आसपास सिपाही तैनात करा दिए हैं।
समीर के घर तोड़फोड़ के बावत पूछे जाने पर मासूम के पिता महताब ने इसे समीर और उसके पिता की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यह उन्हें विवाद में फंसाने का षड्यंत्र हो सकता है।
बुधवार रात पुलिस ने समीर के अलावा उसके दोस्त और मुंबई में कारपेंटर का काम करने वाले अराफात को भी गिरफ्तार किया था। इसी गांव के मूल निवासी अराफात को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर पकड़ा था। आज समीर और अराफात को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।