अमरोहा। ग्रामीणों को अब वायरल और अन्य संक्रमण की जांच के लिए सीएचसी या जिला अस्पताल जाने से राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने अब सीएचसी की तरह जनपद की 26 पीएचसी पर कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जांच की सुविधा शुरू कर लैब टेक्नीशियन तैनात कर दिए हैं।
जनपद में जिला अस्पताल समेत 40 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक सीबीसी मशीन की खरीद पर करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए हैं। वर्तमान में यह सुविधा सिर्फ जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर है। निजी लैब में जांच कराने पर मरीजों को 200 से 315 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। जबकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह जांच निशुल्क होगी। साथ ही यह सुविधा डेंगू जैसी बीमारियों की शीघ्र पहचान में भी मददगार साबित होगी। क्योंकि सीबीसी जांच से प्लेटलेट्स, हीमोग्लोबिन (एचबी), व्हाइट ब्लड सेल्स (डब्ल्यूबीसी) और रेड ब्लड सेल्स (आरबीसी) जैसी विशेष जानकारी मिलती है। ऐसे में मरीजों को तत्काल सही उपचार मिल सकेगा।
ये हैं पीएचसी
नन्हेड़ा अल्यारपुर, जमनाखास, कौराल, बस्तापुर, ड्योटी, वाजिदपुर, रजबपुर, चौधरपुर, कैलसा, पतेई खालसा, सलेमपुर गोसाई, रखेड़ा, खादगुजर, महेशरा, तिगरी, शेरपुर, कमेलपुर, चुचैला कलां, ड्योटी, सैदनगली, ताहरपुर, कुंदरकी भूड़, उझारी, मटीपुरा, बुरावली, आदमपुर।
-
जिले की सभी 26 ग्रामीण पीएचसी में सीबीसी मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए लैंब टेक्नीशियन की तैनाती भी कर दी गई है। इससे जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच का दबाव कम होगा। मरीजों को जांच के लिए सीएचसी या जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ
-