अमरोहा। सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में डीएनएस डिडौली और पवना अलीगढ़ की टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। डीएनएस डिडौली को हराकर अलीगढ़ ने सात रन से मैच जीत लिया। प्रतियोगिता जीतने के बाद अलीगढ़ के खिलाड़ी खुशी से उछल पड़े। इस दौरान टूर्नामेंट आयोजकों ने विजेता टीम को ट्रॉफी और 75 हजार रुपये का चेक सौंपा ।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और यूथ क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित मास्टर भूरे खां एवं आरिफ फारुख मेमोरियल सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच पवना क्रिकेट एकेडमी अलीगढ़ और बादशाह क्रिकेट क्लब डीएनएस के बीच खेला गया। जिसमें पवना क्रिकेट क्लब अलीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अलीगढ़ की टीम ने निधार्रित 30 ओवरों में 8 विकेट खोकर 163 रन बनाए। जिसमें यश ने 34 और अनमोल ने 30 रनों का योगदान दिया। डीएनएस की ओर से शिवा ने तीन और शिवम ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीएनएस की टीम ने 30 ओवरों में 156 रन बनाकर आउट हो गई। डीएनएस की तरफ से संदीप तोमर ने 75 और अभिषेक ने 32 रन बनाए। अलीगढ़ की ओर से हर्षित ने चार और विवेक ने दो विकेट लिए। हर्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि मैन ऑफ द सीरीज गौरव रहे। आदिल अल्वी बेस्ट बॉलर और राजेश शर्मा को बेहतरीन बल्लेबाज के अवार्ड से नवाजा गया। इस दौरान मोहम्मद फहद, नासिर फारुख, इमरान पाशा, रिजवान पाशा, परवेज पाशा, रोहित चंदेल, महशर, नजम, रजन, शहजाद शेरू आदि मौजूद रहे।