बीते बुधवार को थाना क्षेत्र के गांव पेलीतगा में सुनीता देवी की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस विवेचना में जुट गई है। थानाध्यक्ष का दावा है कि पुलिस को हत्या के संबंध में अहम सुराग मिले हैं और शीघ्र ही हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में होगा।
गौरतलब है कि बीती 29 जून को क्षेत्र के गांव पेलीतगा में सुनीता देवी पत्नी स्वर्गीय भूदेव सिंह उम्र 55 साल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव घर पर ही चारपाई पर पड़ा मिला था। पुलिस के अनुसार गले में रस्सी के निशान थे। सूचना मिलने पर गांव पहुची पुलिस ने मौका मुआयना किया। मृतका के पुत्र प्रशांत ने मौत का कारण जानने के लिए माता के शव पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की देर रात मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुनीता देवी की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने दावा किया है कि हत्या के संबंध में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।