हसनपुर/सैदनगली। क्षेत्र में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सैदनगली निवासी इंटर के छात्र व हसनपुर निवासी महिला की बुखार से मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव निवासी 55 वर्षीय सरस्वती देवी को 5 दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले हसनपुर के निजी अस्पताल में उपचार करवाया लेकिन आराम नहीं हुआ। जिसके बाद परिजन उपचार के लिए उन्हें मेरठ ले गए लेकिन मेरठ में उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने बताया कि लगातार उनके प्लेटलेट्स घटते गए । जिसकी वजह से रविवार की रात को उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं।
उधर, सैदनगली के मोहल्ला महल जामा मस्जिद के निकट निवासी खलीक हैदर के पुत्र सोलह वर्षीय बेटे मोहम्मद अब्बास को सात दिनों से बुखार आ रहा था। जिसका उपचार मेरठ में चल रहा था। रविवार की देर रात छात्र की मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक छात्र कस्बे के ही एक इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।