हसनपुर में हैबतपुर में मारपीट पथराव में बुजुर्ग।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। पथराव और फायरिंग की गई। करीब चार राउंड फायरिंग हुई। बवाल में महिला प्रधान समेत दोनों पक्षों के करीब दस लोग लहूलुहान हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर बंजारा गांव की है। यहां पर इस बार रहमत जहां प्रधानी का चुनाव जीती हैं। चुनाव के बाद से ही गांव में दो पक्षों में रंजिश का माहौल है। गुरुवार देर शाम को प्रधान रहमत जहां गांव में ही एक घर में दावत खाने के बाद अपने घर वापस लौट रही थी। उनके साथ परिवार का 8 वर्षीय बच्चा सलमान भी था। इसी बीच गांव के ही एक युवक की बाइक सलमान से टकरा गई। इसको लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इस दौरान करीब चार राउंड फायरिंग हुई। घटनाओं से गांव में अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक हंगामा की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। मामले में एक पक्ष से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रहमत जहां, निशारा, शौकत, अजीमुल्ला, सरफराज, कासिम मकरानी, सलमान और दूसरे पक्ष से नसीम समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर का कहना है कि चुनावी रंजिश में दो पक्षों में विवाद हुआ है। घायलों का उपचार कराया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।