अमरोहा। बिना विभागीय स्वीकृति के छेड़छाड़ वाले मीटर को बदलना बिलिंग संस्था के दो मीटर रीडरों एवं एक सुपरवाइजर को भारी पड़ गया है। विभाग की ओर से मीटर रीडरों व सुपरवाइजर की सेवा समाप्त कर दी गई है। वहीं, उपभोक्ता व संबंधित कर्मचारियों पर मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
मामला तहसील हसनपुर के बुरावली स्थित 33 केवीए बिजलीघर से जुड़ा है। यहां विभाग ने मीटर रीडिंग का ठेका बिलिंग संस्था मैसर्स क्वेस क्रॉप प्राइवेट लिमिटेड के पास है। इस कंपनी की ओर से मीटर रीडर अंकुर कुमार व अजयपाल तथा सुपरवाइजर नरवेन्द्र कुमार बिलिंग का काम देखते हैं। आरोप है कि थाना रहरा के बुरावली में असलम अली का मीटर बिना विभागीय स्वीकृति के बदल दिया गया। कामर्शियल कनेक्शन पर लगे मीटर को बदल कर दूसरा मीटर लगाया गया। जब पुराने मीटर को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया तो उसमें छेड़छाड़ पाई गई। जिसमें मीटर को धीमा कर बिजली चोरी की जा रही थी। जिससे विभाग को राजस्व की हानि हुई। मामला पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की गई है। जिसमें मीटर रीडर अंकुर कुमार व अजयपाल तथा सुपरवाइजर नरवेन्द्र कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है। वहीं उपभोक्ता असलम व तीनों बिलिंग कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। अधिशासी अभियंता हसनपुर राजेंद्र प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एजेंसी व कांट्रेक्टर की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।