अमरोहा। जोया ब्लॉक के चौधरपुर में तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा। साथ ही इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करते हुए लोगों को नौका विहार का आनंद भी मिलेगा। बुधवार को डीएम एवं सीडीओ ने विधिवत हवन पूजन के बाद इसके सौंदर्यीकरण की शुरुआत कर दी। डीएम एवं सीडीओ ने अधीनस्थों के साथ फावड़ा भी चलाया।
जिले में जल संचयन एवं संरक्षण के लिए डीएम की पहल पर नदियों एवं तालाबों का पुनरुद्धार का काम शुरू किया गया है। बगद नदी को उसके पुराने स्वरूप में वापस लौटाने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं अब तालाबों को भी संवारने का काम शुरू किया जाएगा। बुधवार को जोया ब्लॉक की ग्राम पंचायत चौधरपुर में डीएम राजेश कुमार त्यागी ने मनरेगा योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर को संवारने की शुरुआत की। हवन पूजन के बाद अधिकारियों ने तालाब की खुदाई के लिए फावड़ा चलाया। डीएम ने बताया कि इस तालाब को पिकनिक स्पॉट के रूप में तैयार किया जाएगा।
अमृत सरोवर बन जाने पर जहां एक और जल संरक्षण में मदद मिलेगी, वहीं क्षेत्र में मनोरंजन का साधन भी हो सकेगा। तालाब में नौका विहार का आनंद भी लिया जा सकेगा। अमृत सरोवर का खुदाई का कार्य प्राथमिकता के साथ कराया जाए और इसको सौंदर्यीकरण कर भव्य रूप दिया जाए। डीएम ने सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा को निर्देशित करते हुए कहा कि अमृत सरोवर के चारों ओर बांध बनाया जाए और उसमें छायादार पौधे भी लगाए जाएं। इस दौरान कृषि उपनिदेशक डॉ. रामप्रवेश, बीडीओ, पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।
चौधरपुर में तालाब के पुनरुद्धार के लिए बुधवार को महिला अधिकारियों ने भी फावड़ा चलाकर श्रमदान कर अन्य लोगों को भी श्रमदान के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी सरिता द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी पारुल सिसोदिया, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी शिखा शर्मा आदि मौजूद रहे।