समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन की गांठ शुक्रवार को खुल गई। सपा सुप्रीमो एवं यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूबे की 208 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। गुुरुवार को सपा-कांग्रेस गठबंधन में गई अमरोहा की धनौरा, मुरादाबाद की कांठ सीट पर भी प्रत्याशी घोषित किए हैं। कांग्रेस को दी गई संभल की चंदौसी सीट पर अभी सपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा है। इससे सपा और कांग्रेस नेता फिर असमंजस में पड़ गए हैं।
सपा और कांग्रेस का गठबंधन ज्यादा समय तक साथ नहीं चल सका। बताया जाता है कि कांग्रेस की 100 सीटों की डिमांड सपा नेताओें के गले नहीं उतरी तो शुक्रवार को अखिलेश यादव ने प्रदेश की 208 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। गठबंधन में कांग्रेस के खाते में गईं अमरोहा की धनौरा सीट पर जगराम सिंह, मुरादाबाद की कांठ सीट पर अनीसुर्रहमान को प्रत्याशी घोषित किया है।
संभल की चंदौसी सीट भी कांग्रेस को मिली थी लेकिन अभी सपा ने इस सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारा। अगर मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा की कुल 19 सीटों की बात करें तो कांग्रेस करीब आठ सीटों पर अपना दावा कर रही थी, जिसमें मुरादाबाद की शहर और ठाकुरद्वारा सीट भी बताई गई। अब सपा की सूची जारी होने के बाद कांग्रेस सभी सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
समाजवादी पार्टी ने धोखा दिया है। पहले कांग्रेस को 100 सीटें देने की बात कही गई थी लेकिन सपा नेताओं ने वादाखिलाफी की। कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
- डॉ. एपी सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरादाबाद
गठबंधन के बारे में हाईकमान स्तर से बात चल रही है। मेरी निजी राय गठबंधन के खिलाफ है। अंतिम निर्णय हाईकमान की होगा। अभी इस संबंध में संसदीय समिति की बैठक चल रही है।- चौधरी सुखराज सिंह, सपा जिलाध्यक्ष अमरोहा
जिला अमरोहा
अमरोहा नगर- महबूब अली
हसनपुर- कमाल अख्तर
नौगावां सादात- जावेद आब्दी
धनौरा- जगराम सिंह