स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से कलेक्शन कर लौट रहे बाइक सवार एजेंट से बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे के बल पर से एक लाख रुपये की नकदी लूट ली। लूट के के बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। पीड़ित की ओर से थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी का एजेंट चांद कुमार बुधवार की दोपहर जनपद बिजनौर के सीमांत गांव लाटरा से स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से कलेक्शन कर वापस लौट रहा था। बताया जाता है कि उसके पास एक लाख 20 हजार रुपये थे। जैसे ही वह ग्राम पपसरा बंगर के पास आया। पीछे से आए तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे रुपये से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। बदमाश नकदी लूटकर पीछे की ओर फरार हो गए। पीड़ित कलेक्शन एजेंट ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की। लेकिन कोई हाथ नहीं आया। चांद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। सशस्त्र बदमाशों द्वारा की गई लूट से ग्रामीण भयभीत हैं। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। मामला संदिग्ध है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।