हसनपुर सर्किल में एक और विवाहिता की दहेज के लिए बलि चढ़ा दी गई। 12 दिन पहले गांव सोहरका में दहेज के लिए नवविवाहिता को मौत के घाट उतारने की बात अभी भूल भी नहीं पाए थे कि सैदनगली थाना इलाके के गांव तरारा में फिर एक विवाहिता की दहेज के लिए गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका का एक साल पहले ही विवाह हुआ था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आदमपुर थाना इलाके के गांव फरौटा निवासी किसान बाबूराम ने अपनी बीस वर्षीय बेटी राखी की शादी 27 नवंबर 2015 को सैदनगली थाना इलाके के गांव तरारा निवासी वीर सिंह के बेटे पवन के साथ की थी। पवन उझारी में एक लोहे की दुकान पर काम करता है।
मायके वालों के मुताबिक हैसियत के अनुसार शादी में दान दहेज दिया था, लेकिन शुरू से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार पंचायत के माध्यम से मामले में समझौता हुआ था। मायके वालों ने बताया कि गुरुवार को बेटी की ससुराल के किसी परिचित व्यक्ति ने उन्हें मामले के बारे में फोन पर सूचना दी।
मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव उसके घर में पड़ा था। गले पर चोट के निशान थे। आरोप लगाया कि दहेज के लिए बेटी की गला दबाकर हत्या की कर दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।