रिश्तेदार ने पिता-पुत्र से 26.50 लाख रुपये ठग लिए। पिता को बीमा पॉलिसी और बेटे को पेट्रोल पंप में साझेदारी देने का झांसा दिया। मामले में देहात थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
देहात थानाक्षेत्र के मोहल्ला सुबोधनगर कॉलोनी में सेवानिवृत्त बैंक कर्मी सतीश चंद्रा का परिवार रहता है। उनका बेटा शुभम कुमार भी साथ ही रहता है। सतीश चंद्रा का आरोप है कि रिश्तेदार मनोज कुमार एक बीमा कंपनी रामनगर जनपद नैनीताल (उत्तराखंड) शाखा में विकास अधिकारी के पद पर तैनात है। आरोप है कि मनोज कुमार ने जून 2019 में सतीश चंद्रा बीमा पॉलिसी दिलाने के नाम पर तीन बार में 12 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। इतना ही नहीं मनोज कुमार ने सतीश चंद्रा के बेटे शुभम को नैनीताल में पेट्रोल पंप लगाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये ले लिए। इस दौरान पेट्रोल पंप में साझीदार बनाने के लिए कहा था, लेकिन मनोज ने न तो बीमा पॉलिसी कराई और न ही पेट्रोल पंप लगाया। पिता-पुत्र ने रुपये वापस मांगे तो उनके कुछ धनराशि के चेक दे दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। अब मनोज रुपये देने से इंकार कर रहा है। पीड़ित पिता-पुत्र ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने अदालत की शरण ली थी। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र की अलग-अलग शिकायत के आधार पर न्यायालय के आदेश पर मनोज कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।