Re-visit the polling station, CO, SHO polling: ADG
- फोटो : JPNAGAR
एडीजी बरेली जोन राजकुमार ने सोमवार रात पुलिस ऑफिस में अधीनस्थों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए की गईं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने थानाध्यक्षों को लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की नसीहत भी दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस को हर मतदान केंद्र के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसलिए सभी सीओ और एसएचओ मतदान केंद्रों का दोबारा भ्रमण कर लें। किस बूथ पर कितने मतदाता हैं, उसमें से कितने आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, यह भी चेक करें। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर कड़ी नजर रखी जाए। कहा कि चुनाव में पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा।
जिले में फोर्स के ठहराव के लिए चिन्हित स्थानों पर सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। चुनाव ड्यूटी में हर पुलिसकर्मी दंगा नियंत्रण उपकरण से पूरी तरह लैस होना चाहिए। इस दौरान कोविड-19 गाइडलाइन का पूरा ध्यान रखा जाए। समीक्षा के दौरान एसपी पूनम, एएसपी सीपी शुक्ला समेत सभी सीओ मौजूद रहे।