रजबपुर। ट्रक चालक सुनील कुमार (40) की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजन पोस्टमार्टम करने के बाद शव को घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया।
सुनील कुमार रजबपुर थानाक्षेत्र के पीपली दाऊद में रहने वाले थे। पांच भाइयों में चौथे नंबर के सुनील कुमार गाजियाबाद में भारत पेट्रोलियम एजेंसी पर ट्रक चालक थे। सुनील कुमार के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार को सुनील कुमार ट्रक लेकर गाजियाबाद गए थे। इस बीच रात में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका ट्रक भारत पेट्रोलियम प्लांट में खड़ा था, जबकि सोमवार की सुबह लोनी बॉर्डर के पास टीला मोड़ पर सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। सुनील कुमार की जेब में मोबाइल और कुछ रुपये मिले। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और सोमवार के दोपहर पोस्टमार्टम करने के बाद शव को घर ले आए। सुनील कुमार के शरीर पर किस तरह के चोट के निशान भी नहीं है। हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।