रेलवे क्रासिंग अंडरब्रिज का काम तेज
- फोटो : demo
मंडी धनौरा रोड पर रविवार की सुबह मैजिक की टक्कर से फाजलपुर रेलवे क्रासिंग का बूम टूट गया। हालांकि उस समय लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को पास कर दिया गया। दोपहर में पैसेंजर ट्रेन को पास करने के दौरान बूम को ठीक किया गया। इस दौरान करीब आधा घंटा तक स्टेट हाइवे पर जाम लगा रहा। आरपीएफ ने चालक को गिरफ्तार कर मैजिक को कब्जे में ले लिया है।
मंडी धनौरा रोड स्थित फाजलपुर बिजली घर पर रविवार की सुबह करीब 7.25 बजे लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 15011 को पास करने के लिए गेट मैन बंटी सागर गेट बंद कर रहा था। उसी समय धनौरा की ओर से आ रही मैजिक ने फाटक क्रास करने की जल्दबाजी में गेट में टक्कर मार दी। जिससे गेट टूट गया।
गेट मैन ने तत्काल ही कंट्रोल को सूचना दे दी। सूचना पाकर आरपीएफ कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए और टाटा मैजिक को कब्जे में कर चालक को हिरासत में ले लिया। चेन डाल कर एक्सप्रेस ट्रेन को पास किया गया। दोपहर करीब करीब 2.35 बजे गजरौला से नजीबाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन के निकलने के समय गेट को ठीक किया गया।
गेट ठीक करने के दौरान ही पैसेंजर ट्रेन के पास किया गया। गेट ठीक होने के बाद ही करीब 3.05 बजे गेट खोला जा सका। इसी दौरान हाइवे पर दोनों ओर जाम लगा रहा। उधर आरपीएफ ने टाटा मैजिक चालक साजिद पुत्र साहिद निवासी मंडी धनौरा के खिलाफ रेलवे एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।