इसमें अमरोहा के कटरा बख्तावर निवासी सैदुल अमीन का नाम सामने आया। पंजाब पुलिस के इनपुट पर खुफिया एजेंसियों व दिल्ली पुलिस की टीमों ने सैदुल को दिल्ली में गिरफ्तार किया था। फिलहाल, सैदुल सात दिन की रिमांड पर जालंधर पुलिस के कब्जे में है।
मामले में पुलिस ने हत्या की कोशिश, ग्रुप बनाकर हमला करना, और विस्फोटक सामग्री से नुकसान पहुंचाना जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, जालंधर पुलिस ने सैदुल की गिरफ्तारी के बाद उसके आतंकी कनेक्शन होने का दावा किया है।पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जालंधर पुलिस ने सैदुल के लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े होने से भी इन्कार नहीं किया है। उधर, सैदुल की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसी और एटीएस की निगाहें अमरोहा पर हैं। स्थानीय आईबी, इंटेलिजेंस व अन्य खुफिया एजेंसी की टीम भी जिले पर नजर बनाए हुए हैं। पल-पल की अपडेट उच्च अधिकारियों को दी जा रही है।
चर्चा है कि सैदुल अमीन मां के बैंक खाते से लेनदेन करता था। जालंधर में भाजपा नेता के घर हुए हमले से आठ दिन पहले सैदुल ने अपनी मां के खर्चे के लिए मिनी बैंक के खाते में भी 17 हजार रुपये डलवाए थे। मामले में भी खुफिया एजेंसी और पुलिस की टीम जांच कर रही हैं।
जालंधर पुलिस ने भी सैदुल की मां से उसके बैंक की पासबुक और आधार कार्ड कब्जे में लिया है, जिसके आधार पर बैंक में लेनदेन चेक किया जा रहा है। एटीएस की टीम सैदुल के दोस्त अदनान और करीबियों पर नजर बनाए हुए हैं। उनकी हर एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि, सैदुल की गिरफ्तारी के बाद से अदनान गायब है। उसका नंबर भी बंद आ रहा है। उसके परिवार वाले भी कुछ भी बताने से कतरा रहे हैं। ऐसे में अदनान पुलिस के कब्जे में है या उसने खुद को अंडरग्राउंड कर लिया है, यह सवाल लोगों के जहन में है।
UP: पीछा छोड़.. नहीं तो टुकड़े कर नदी में डाल दूंगा, तीन साल से प्रेम संबंध, शादी के लिए दबाव पर युवती को धमकी
हरविंदर ने पासिया के साथ मिलकर रची थी आतंक फैलाने की साजिश
चर्चा है कि सैदुल अमेरिका में एफबीआई और अमेरिकी इमिग्रेशन विभाग द्वारा पकड़े आतंकी हरप्रीत उर्फ हैप्पी पासिया के गुर्गों के संपर्क में हो सकता है। चंडीगढ़ ग्रेनेड हमला मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने बाबर खालसा इंटरनेशनल आतंकवादी संगठन के चार आतंकवादी गुर्गों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा और अमेरिका में गिरफ्तार हैप्पी पासिया को आरोपी बनाया था। हरविंदर ने हैप्पी पासिया के साथ मिलकर लोगों के बीच आतंक फैलाने की साजिश रची थी।
संभल दरगाह विवाद मामला: लखनऊ से पहुंचे वक्फ निरीक्षक ने किया माैका मुआयना, दोनों पक्षों के लिए बयान, जांच जारी
आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल
पिछले साल दिसंबर में पंजाब पुलिस ने बाबर खालसा इंटरनेशनल की ओर से संचालित पाकिस्तानी आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया था। जिसे हैप्पी पसिया और शमशेर उर्फ हनी चला रहे थे। अब भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए हमले के तार भी हैप्पी पसिया से जुड़ रहे हैं। इससे साफ है कि सैदुल भी सिद्धू नाम के व्यक्ति के जरिये हैप्पी पासिया के गुर्गों के संपर्क में आया होगा। हालांकि, पुलिस के अधिकारी प्रकरण में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
अदनान की तलाश में सादे कपड़ों में पहुंची टीम
शुक्रवार को फिर एक टीम अमरोहा आई थी। चर्चा है कि यह टीम अदनान की तलाश में आई थी। कुछ देर अदनान के घर के आसपास घूमने के बाद टीम वापस लौट गई। इसके बाद सैदुल के घर भी पहुंची थी। जहां सैदुल की मां से कुछ जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम लौट गई। एटीएस की टीम भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, अदनान कौन है और सैदुल के संपर्क में कैसे आया, इससे हर कोई अंजान है।