दोस्तों संग पार्टी करने गए हेयर सैलून संचालक को कार ने रौंदा, मौत
दोस्तों संग पार्टी करने गए हसनपुर के हेयर सैलून संचालक जुनैद (28) को सड़क पर कार ने रौंद दिया। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए। बाद में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। नगर के मोहल्ला कंकर वाला कुआं निवासी मोहम्मद हुसैन का बेटा जुनैद नगर के पुराना डाकखाना के पास सैलून चलाते थे।
वह शुक्रवार की रात करीब 9 बजे दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए निकले हुए थे। हसनपुर- संभल मार्ग पर अब्दुल्ला कॉलोनी की तरफ सड़क किनारे स्थित एक जिम के नजदीक सामने से बाइकों की टक्कर हो गई थी। जिसे देखने के लिए जुनैद सड़क के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मैक्स ने जुनैद को रौंद दिया।
घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। देर रात मुरादाबाद ले जाते समय जुनैद की रास्ते में मौत हो गई। जुनैद अविवाहित थे। वह पांच बहन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।