रेलवे कर्मचारियों ने की एक दिवसीय भूख हड़ताल, मांगें पूरी होने तक संघर्ष की चेतावनी
अमरोहा। रेलवे स्टेशन परिसर में नार्थन रेलवे मेंस यूनियन के पदाधिकारियों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल की। कहा कि जब तक 2004 और उसके बाद रेलवे में नियुक्त हुए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल नहीं हो जाती है, तब तक उनका ये संघर्ष जारी रहेगा।
नार्थन रेलवे के तमाम पदाधिकारी एकजुट होकर रेलवे स्टेश परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय भूख हड़ताल की। मांग करते हुए कहा कि 2004 और उसके बाद जो कर्मचारी रेलवे में नियुक्त हुए हैं, उनकी पुरानी गारंटेड पेंशन बहाल कर उनको सामाजिक सुरक्षा प्रदान कि जाए, जिन रेलवे कर्मचारियों के पास उच्च योग्यता है और वो निम्म पदों पर नियुक्त हुए हैं, उन्हें योग्यता के अनुसार पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। रेलवे कर्मचारियों और अन्य संख्या कोटियों के कर्मचारियों की समस्याओं को समय से हल किया जाए। रेलवे में खाली पड़े पदों को जल्द भरा जाए। कैडर रिस्ट्रक्चरिंग कार्य पूर्ण कर अविलंब लागू कराया जाए। रेलवे कॉलोनियों व सड़कों की हालात सुधारी जाए। साथ ही कहा कि जब तक रेलवे की ओर से इन मांगों को नहीं माना जाता है, तब तक लगातार नार्थन रेलवे मेंस यूनियन संघर्ष करती रहेगी।