अमरोहा। एक ओटीटी पर प्रसारित फिल्म के टाइटल घूसखोरी पंडत को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों में आक्रोश शुरू हो गया है। कोतवाली पहुंचे ब्राह्मण समाज के लोगों ने वेब सीरीज के निर्माता, निर्देशक और अभिनेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
रविवार को ब्राह्मण सभा अमरोहा के महामंत्री मनु शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व समाज के लोग कोतवाली पहुंचे और यहां इंस्पेक्टर पंकज तोमर को तहरीर देकर बताया कि ओटीटी पर प्रसारित फिल्म जिसका टाइटल घूसखोर पंडत है जोकि ब्राह्मण समाज के लिए अत्यंत अपमानजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है और बेहद आहत करने वाला है।
इसके प्रसारण से हमारी भावनाएं आहत हुई हैं। सामाजिक सौहार्द को भी खतरा उत्पन्न हुआ है। इसका हमारे धार्मिक मूलवंश पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ा है, जो विद्वेष पूर्ण है। कहा कि वर्तमान में इस तरह से कुछ स्वार्थी, कुटिल और धूर्त प्रसारक, निर्माता, निर्देशक या अभिनेता और अन्य समाजद्रोही लोग ब्राह्मणों पर इस तरह से जातिगत अस्वीकार्य टाइटल देकर दुर्भावना पूर्वक अपमानजनक शब्दों के प्रहारों के बहाने पुरातन सुदृढ़ भारतीय संस्कृति व सनातन परंपरा पर कुठाराघात करके उसका अनादर भी कर रहे हैं।
यह ब्राह्मण समाज की प्रतिष्ठा को खंडित करके सामाजिक सद्भाव व सौहार्द को बिगाड़ने वाला एवं धार्मिक जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। जिसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किया जाना जरूरी है। इस दौरान अध्यक्ष पवन कौशिक, योगेंद्र शर्मा, विकास व्यास, राम प्रकाश शर्मा, विपुल शर्मा, वामदेव नौटियाल, शिवम शर्मा, सुभाष शर्मा आदि मौजूद रहे।