मंडी धनौरा(अमरोहा)। शादी विवाह में लाइट डेकोरेशन का काम करने वाले युवक ललित (40) की अमरोहा मार्ग पर ग्राम मुकारी के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन मौके की ओर रवाना हो गए। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है।
मोहल्ला सुभाष नगर निवासी ललित शादी-विवाह में लाइट डेकोरेशन का काम करता है। मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने बताया कि ललित ने कैलसा बॉर्डर पर किराये पर दो बरातघर भी ले रखे हैं। शनिवार की रात वह कैलसा से स्कूटी से अपने घर आ रहा था। ग्राम मुकारी के निकट उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पास में ही उसकी स्कूटी खड़ी थी। राहगीरों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया। उसके सिर पर चोट के निशान थे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को मोर्चरी पर रखवा दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव घर ले आए। परिजनों ने आरोप लगाया कि ललित की हत्या की गई है। उनका कहना था कि यदि ललित की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है तो स्कूटी कही से भी क्षतिग्रस्त क्यों नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि ललित की हत्या की गई है। हालांकि परिजनों ने दोपहर बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया।