विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में बड़े दिग्गज नेताओं की जनसभाओं का दौर शुरू होने वाला है। इसकी तैयारियों शुरू हो गई हैं। जहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक ही दिन में जिले में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। वहीं हैदराबाद के सांसद औवेसी भी जिले में दो जनसभाओं में गरजेंगे। बड़े नेताओं की जनसभा में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। भारी संख्या में पुलिस बल सुरक्षा में मुस्तैद रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह पांच फरवरी को हसनपुर के नुमाइश ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आने का कार्यक्रम जारी हो गया है। वे पहली बार जनपद में चुनावी सभा को संबोधित करने आ रहे हैं।
उनका विधिवत कार्यक्रम प्रशासन के साथ ही पार्टी के नेताओं को मिल गया है। इसके अलावा सात फरवरी को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या नौगावां विधानसभा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा अल्हियारपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। हैलीकॉप्टर द्वारा नन्हेड़ा पहुंचेंगे।
आठ फरवरी को आएंगे सीएम अमरोहा
अमरोहा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आठ फरवरी को चार विधानसभाओं में जनसभाओं को संबोधित करने आ रहे हैं। नौगावां सादात के बादशाहपुर इंटर कालेज मैदान में जनसभा होगी। इसके बाद हसनपुर में जनसभा करेंगे। यहां के बाद मडी धनौरा और आखिरी में अमरोहा में जनसभा को संबोधित करेंगे। एक ही दिन में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त करने होंगे। भारी संख्या में पुलिस बल सुरक्षा में मुस्तैद रहेगा।
भाजपा अध्यक्ष के कार्यक्रम में मंच को लेकर मतभेद
हसनपुर। हसनपुर के नुमाइश ग्राउंड में पांच फरवरी को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हेलीकॉप्टर उतरेगा। लेकिन मंच की दिशा पहले से बदली जा रही है। भाजपा नेता मंच का मुंह पूर्व दिशा की ओर बनवाना चाह रहे है। लेकिन अफसर इसे सुरक्षा की दृष्टि से गलत बता रहे हैं।
शुक्रवार को पहुंचे एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मंच के स्थान को गलत बताते हुए नाराजगी जाहिर की। नगर अध्यक्ष अतुल गर्ग ने जिलाध्यक्ष से फोन पर मंच की स्थिति के बारे में बात की। हालांकि अभी तक मंच कहां बनेगा इस बात पर संशय बरकार है।
औवेसी की जिले में होंगी दो जनसभा
अमरोहा। हैदराबाद के सांसद औवेसी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जिले में दो जनसभाओं को संबोधित करने आ रहे हैं। नौ फरवरी को अमरोहा और हसनपुर में आ सकते हैं। जिले में वह दूसरी बार आएंगे। कुछ दिन पूर्व ही अमरोहा में आए थे।