अमरोहा। छेड़छाड़ करने वाले आरोपी के खिलाफ बच्ची के परिजनों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। ऐसे में पुलिस ने अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका चालान कर दिया गया है।
यह घटना शुक्रवार की शाम देहात थानाक्षेत्र में बंबूगढ़ चौराहे के पास एक मोहल्ले में हुई थी। यहां रहने वाले मजदूर बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक गैर समुदाय का युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा था। युवक की यह हरकत स्थानीय लोगों ने देख ली। जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी युवक को रंगेहाथ पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई की थी। मोहल्ले से लेकर बंबूगढ़ चौकी तक जुलूस निकाला था। मौके पर पहुंची पुलिस भीड़ से छुड़ाकर आरोपी को हिरासत में लेकर थाने में ले आई थी। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के परिजनों को थाने बुलाकर तहरीर देने को कहा। लेकिन बच्ची के परिजनों ने कोर्ट-कचहरी के चक्करों में नहीं पड़ने का हवाला देते हुए कार्रवाई कराने से साफ इंकार कर दिया। चूंकि आरोपी युवक गैर समुदाय के ताल्लुक रखता था, उसकी गलत हरकत के कारण माहौल बिगड़ सकता था। इसलिए एसआई विपिन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तौफिक निवासी बड़ी बेगम सराय के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसओ सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।