अमरोहा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुुधवार को वैष्णो कन्या इंटर कॉलेज मखदूमपुर में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं एसपी पूनम से तीन छात्राओं ने सवाल पूछे। एसपी ने उनका सरलता के साथ जवाब दिया। कहा कि पुलिस को दोस्त समझें, कानून का सम्मान करें, मुसीबत के वक्त सूचना दें पुलिस आपकी मदद को तत्पर है।
पुलिस की पाठशाला में पुलिस अधीक्षक पूनम सीधे बच्चों से जुड़ गईं। एसपी ने शिक्षक बन छात्राओं को आत्म सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि छात्राएं मन में कोई बात न रखें। छात्राओं को डरने की कोई जरूरत नहीं है। वह आत्मनिर्भर बनें और अपने साथ आने वाली किसी भी समस्या को बेझिझक अपने परिजन, शिक्षक और पुलिस के साथ साझा करें। किसी भी समय यूपी 112 और डायल 1090 पर भी छात्राएं शिकायत कर सकतीं हैं। कठिन परिस्थितियों के लिए डीएम, एसपी, थानेदार का नंबर अपने पास रखे। छात्राओं से कहा कि आप झिझक छोड़कर अपनी समस्या बताइए, पुलिस हर संभव निदान करेगी। कॅरियर बनाने के लिए मेहनत से पढ़ाई करें और अपना भविष्य संवारें। ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों में भागीदारी जरूर करें। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करना चाहिए। कोई भी गलत, आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेश भेजने से बचें। प्रधानाचार्य अलका सिंह ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं हैं। इसे जीवन में उतारें और दूसरों को भी बताएं। इस दौरान कालेज प्रबंधक पवन चौहान मौजूद रहे।