गजरौला। तेज बारिश के दौरान टायर स्लिप होने से बेकाबू हुई पिकअप गाड़ी सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार में जा घुसी। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों समेत चार लोगों के घायल होने की बात पुलिस ने कही है। इनमें एक महिला और उसके पांच वर्षीय पुत्र की हालत गंभीर होने पर दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने यातायात सुचारू करा दिया।
बुधवार की दोपहर तेज बा रिश के दौरान यह हादसा हाईवे पर थाना क्षेत्र की ब्रजघाट चौकी के पास हुआ। बताते हैं कि मुरादाबाद की दिशा से जा रही पिकअप का टायर तेज बारिश में स्लिप हो गया। इससे पिकअप का चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो वाहनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों में फंसे चालकों के साथ ही कार में मौजूद महिला और पांच वर्षीय बालक को बाहर निकाला। इन्हें पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। चौकी इंचार्ज एसआई निशांत राठी ने बताया कि गांव टांडा जिला रामपुर के गांव औरंगपुर निवासी कय्यूम स्विफ्ट डिजायर में अपनी पत्नी शामीन और पांच वर्षीय पुत्र तैमूर के साथ दिल्ली की दिशा से गांव लौट रहे थे। घायलों में मां-बेटे की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।