फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्नी ने रामप्रसाद के पकड़े पैर और दामाद ने अंगोछे से घोंटा था गला, पत्नी गिरफ्तार

विज्ञापन
गजरौला थाने में पति की हत्यारोपी गुड्डी रानी। - फोटो : GAJRAULA
विज्ञापन
गजरौला(अमरोहा)। रामप्रसाद सैनी की हत्या उसी के अपनों ने की थी। लगभग दो करोड़ से अधिक कीमत का मकान दामाद के नाम नहीं कराने से नाराज पत्नी ने ही दामाद के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारा था। पुलिस के अनुसार पत्नी ने चारपाई पर सो रहे रामप्रसाद के पैर पकड़े और दामाद ने अंगोछा लपेटकर ससुर की गर्दन घोंट दी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर के आधार पर पत्नी और दामाद के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दामाद की तलाश में दो टीमें आगरा और मथुरा में दबिशें दे रही हैं।
विज्ञापन

शुक्रवार को थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ सत्येंद्र कुमार ने रामप्रसाद सैनी हत्याकांड का खुलासा किया। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि नगर में हाईवे किनारे मोहल्ला नाईपुरा खादर में रहने वाले रामप्रसाद सैनी की मां कैलाशो देवी ने अपने पुत्र की हत्या के मामले में उसकी पत्नी गुड्डी और दामाद लवकुश निवासी गांव भीडरी थाना अछनेरा जिला आगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर के मुताबिक गुड्डी को पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। गुड्डी ने पुलिस को बताया कि उसका कई वर्षों से अपने पति से विवाद चल रहा है और घर में ही दूसरी मंजिल में बेटे और बहू के साथ रहती है। रामप्रसाद की तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। वह नाईपुरा में बना मकान अपने बेटे शोभित के नाम करना चाहता था लेकिन गुड्डी अपने सबसे छोटे दामाद लवकुश के नाम कराने के पक्ष में थी। मकान की कीमत लगभग दो करोड़ बताई जाती है। इसी को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। बुधवार की रात बेटे शोभित के फैक्टरी जाने के बाद उसने फोन कर लवकुश को यहां बुलवा लिया। इसके बाद वह नीचे उतर आई। कमरे में पहुंचकर चारपाई पर सो रहे पति के दोनों पैर पकड़ लिए और लवकुश ने अंगोछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। रामप्रसाद को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इसके बाद लवकुश वहां से चला गया और वह भी सोने के लिए ऊपर आ गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि गुड्डी का चालान कर दिया गया है जबकि फरार लवकुश की तलाश में आगरा और मथुरा में दबिशें दी जा रही हैं। सीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि खुलासा करने वाली टीम में इंस्पेक्टर आरपी शर्मा के साथ ही एसएसआई प्रमोद कुमार पाठक, एसआई श्वेता त्यागी भी रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें