बछरायूं(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव जोगीपुरा के निकट गजरौला मार्ग पर बुधवार की रात लगभग 8:30 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली की सामने आ रही कार से टक्कर हो गई। कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि घायल ट्रैक्टर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। बाद में गजरौला के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जनपद बिजनौर के धामपुर निवासी राज आर्यन अपने दोस्त प्रशांत, बहन अनामिका के साथ कार से दिल्ली से वापस आ रहा था। कार राज आर्यन का ड्राइवर हेमराज चला रहा था। उनकी कार बुधवार की रात जब ग्राम जोगीपुरा के पास आई। सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। कार व ट्रैक्टर की टक्कर से कार में सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चार में से दो को गजरौला व दो को धनौरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। गजरौला भेजे गए राज व प्रशांत को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसी दौरान एक युवक गजरौला के सरकारी अस्पताल में भर्ती हुआ। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का नाम विजयपाल (30) साल ग्राम शीशोवाली थाना बछरायूं था। बताया जाता है मृतक ट्रैक्टर चालक था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।