भाकियू की पंचायत में बोलते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयपाल सिंह
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर आंदोलन कर रही भारतीय किसान यूनियन आगामी 27 सितंबर को भारत बंद के दौरान जनपद में सात स्थानों पर जाम लगाएगी। वही मुख्यमंत्री की जनसभा के जवाब में आगामी 17 अक्तूबर को महापंचायत किए जाने का भी निर्णय लिया गया है। महापंचायत में मुख्यमंत्री की सभा से चार गुुनी अधिक भीड़ एकत्र करने का लक्ष्य तय किया गया है।
भाकियू की एक जिला स्तरीय पंचायत शुक्रवार को किसान भवन पर आयोजित की गई। पंचायत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने कहा कि सरकार पूरी तरह हठधर्मिता पर उतर चुकी है। कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर किसान लगभग एक साल से बार्डर पर पड़ा हुआ है। सरकार वार्ता को तैयार नहीं है। उन्होंने संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर आगामी 27 सितंबर को भारत बंद को सफल बनाने की अपील की। पंचायत में निर्णय लिया गया कि 27 तारीख को धनौरा में तहसील मुख्यालय के सामने, नौगांवा में नहर के पुल पर, अमरोहा-कांठ मार्ग पर ग्राम नाजरपुर में, अमरोहा-पाकबड़ा मार्ग पर कैलसा बार्डर पर, हाईवे पर टोल प्लाजा पर, हसनपुर में ब्लाक कार्यालय के बाहर, हसनपुर-गवां मार्ग पर रहरा ब्लाक कार्यालय के बाहर जाम लगाया जाएगा।
पंचायत में मुख्यमंत्री की सभा का जवाब देने के लिए आगामी 17 अक्तूबर को पुलिस लाइन में ही महापंचायत का आयोजन कर चार गुनी अधिक भीड़ एकत्र करने का निर्णय भी लिया गया। इसकी सफलता के लिए एक कमेटी का गठन किया गया। कमेटी की देखरेख में महापंचायत की तैयारी की जाएगी। इस मौके पर दानवीर सिंह, बिजेंद्र शर्मा, सौवीर सिंह, रामपाल सिंह, अशोक सिंह, आलोक कुमार, मुन्नू गुर्जर, सुभाष चीमा आदि मौजूद थे।