जोया/डिडौली (अमरोहा)। सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की किसी वाहन से कुचलकर मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने शक के आधार पर पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।
यह हादसा डिडौली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव बरेठा खिदरपुर निवासी तस्सद्द्क हुसैन (70) सोमवार को अपने ममेरे भाई के यहां हरियाना गांव आए थे। यहां से वह मंगलवार की सुबह करीब दस बजे पूरनपुर में आयोजित नेजा के मेले में जाने के लिए निकले थे। बुजुर्ग पैदल ही हरियाना से श्योनाली गांव की तरफ जा रहे थे। जोया की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तस्सुद्द्क की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के आरोप के चलते पुलिस ने एक पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने बताया कि मृतक के बेटी बब्बू की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसा पिकअप से हुआ या अन्य किसी वाहन से इसकी जांच की जा रही है।