Old Babu's fair will not be held this time due to Corona, Section 144
- फोटो : JPNAGAR
तीन फरवरी को माई दूज पर क्षेत्र के गांव बिजौरा में लगने वाला बूढ़े बाबू का मेला इस बार नहीं लगेगा। एसडीएम हसनपुर व सीओ मंडी धनौरा ने ग्रामीणों संग बैठक कर निर्देश दिए कि दूज के दिन न तो पूजा अर्चना की जाएगी और न ही अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेला भी नहीं लगेगा। ग्रामीणों को कोरोना गाइड लाइन व निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
गजरौला क्षेत्र का गांव बिजौरा हसनपुर तहसील क्षेत्र में पड़ता है। यहां पर माई दूज को हर साल बूढ़े बाबू का विशाल मेला लगता है। जिसमें दूर दराज के लोग आते हैं। बूढ़े बाबू के तालाब में मुंह हाथ धोते हैं। पूजा अर्चना करते हैं और चढ़ावा चढ़ाते हैं। मान्यता है कि दूज पर तालाब में पूजा अर्चना करने से चर्म रोग नहीं होते। मगर इस बार कोरोना संक्रमण है। साथ ही विधान सभा चुनाव के कारण निषेधाज्ञा लागू है।
रविवार को ब्रजघाट चौकी पर एसडीएम हसनपुर अनिल कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी मंडी धनौरा सतेंद्र सिंह, थाना प्रभारी विनय कुमार ने बिजौरा के ग्रामीणों संग बैठक की। एसडीएम और सीओ ने कहा कि विधान सभा चुनाव के चलते निषेधाज्ञा लागू है। कोरोना का भी संक्रमण है। धारा 144 और कोरोना गाइड लाइन के पालन को माई दूज पर मेला आयोजित न किया जाए। इस दौरान कोई पूजा अर्चना न हो। जिस भी ग्रामीण को पूजा अर्चना करनी है, वह अपने घर करे। मेला आयोजित करने या पूजा अर्चना करते पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह पुंडीर, ग्राम प्रधान नदीम अहमद, आरिफ चौधरी, उम्मेद चौधरी, शिवचरन नाथ, छोटे, अंकुर, सुभाष आदि मौजूद रहे।