फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha: शहर में दोपहर बाद प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन, आजाद रोड पूरी तरह बंद, दशहरे पर यातायात प्लान लागू

Tue, 24 Oct 2023 01:37 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा

सार

दशहरा के मौके पर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दोपहर बाद दशहरा मेला स्थल की ओर जाने वाली आजाद रोड पूरी तरह बंद रहेगी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि गांधी मूर्ति, आर्य समाज मंदिर चौराहा, आंबेडकर पार्क, जेएस हिंदू कॉलेज तिराहे पर पूरी तरह यातायात प्लाान लागू किया गया है। 
 
विज्ञापन
अमरोहा के आजाद रोड स्थित रामलीला मैदान के मुख्य द्वार से गुजरते वाहन। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दशहरा के मौके पर शहर के आजाद रोड स्थित जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में मेले का आयोजन होगा। यहीं पर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके मद्देनजर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं दोपहर 12 बजे के बाद दशहरा मेला स्थल की ओर जाने वाली आजाद रोड पूरी तरह बंद रहेगी।

विज्ञापन


पांच जगह बैरिकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मंगलवार की दोपहर के बाद आजाद मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए गांधी मूर्ति, आर्य समाज मंदिर चौराहा, आंबेडकर पार्क, जेएस हिंदू कॉलेज तिराहा और मंडी चौब पर पुलिस मुस्तैद रहेगी।

आजाद रोड से होकर शहर में जाने वाले ट्रैफिक को आर्य समाज मंदिर चौराहे कर डबल लाइन बिजली घर और कोट बाजार की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद आंबेडकर पार्क पर तैनात पुलिसकर्मी यहां तक आने वाले वाहनों को मोहल्ला छेबड़ा से कैलसा बाईपास की तरफ डायवर्ट करेंगे।
विज्ञापन


इसके अलावा कोतवाली की तरफ से आजाद रोड पर आने वाले वाहनों को जेएस हिंदू इंटर कॉलेज चौराहे से सीधा श्रीराम इंटर कॉलेज के आगे से होकर कैलसा बाईपास की तरफ निकल जाएगा। इसके अलावा कोतवाली की तरफ से कुछ वाहनों को वापस कुरेसी, वासुदेव मंदिर होते हुए बिजनौर रोड पर निकल जाएगा।

इसके अलावा हाईवे से शहर में आने वाले सभी भारी वाहनों पर पाबंदी रहेगी। अगर कोई वहां आता भी है तो संभल चौराहे से आने वाले वाहनों को बंबूगढ़ चौराहे से हिल्टन कान्वेंट स्कूल के आगे से होते हुए एआरटीओ तिराहा और फिर बाईपास होते हुए धनौरा व बिजनौर रोड पर निकला जाएगा।

यही स्थिति जोया और अतरासी से आने वाले वाहनों की रहेगी। वहीं नौगांवा और मंडी धनौरा की तरफ से आने वाले वाहनों को भी बाइपास होकर अतरासी, जोया और संभल चौराहे के लिए निकला जाएगा। यातायात डायवर्ट करने के लिए सभी स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।

आज से 29 अक्तूबर तक 34 स्थानों पर होना है पुतला दहन

दशहरा मंगलवार को जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का कड़े इंतजाम किए हैं। मेला स्थलों और जुलूस में खासी सुरक्षा रहेगी। डीएम-एसपी ने अधिकारियों को ड्यूटी का निर्वाह ठीक से करने के निर्देश दिए हैं। जिलेभर में आज से 29 अक्तूबर तक 34 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे।

इस बार 45 फीट के रावण का दहन होगा। जबकि मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले 35-35 फीट के होंगे। दशहरा पर पुलिस प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह अलर्ट है। आजाद रोड स्थित जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में विशाल मेला लगा है। जहां राम-रावण की सेना के बीच युद्ध के बाद रावण के पुतले का दहन होगा।

बारह से पंद्रह हजार लोगों की भीड़ आने का अनुमान है। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के बंदोबस्त किए हैं। मेला स्थलों पर पुलिस-पीएसी के जवानों को लगाया गया है। इसके साथ ही होमगार्ड और महिला पुलिस बल लगाया गया है। किसी भी तरह की कोई अव्यवस्था न फैले पूरा इंतजाम किया गया है।

एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पुतला दहन और मेला स्थलों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। जुलूस मार्गों पर पुलिस व पीएसी रहेगी। दूसरे थानों की फोर्स को लगाया गया है। ग्रामीण इलाकों में रावण दहन के कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। सभी मेला स्थलों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती भी है।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विशाल गोयल ने बताया कि इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई 45 फीट रहेगी। जबकि मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले की ऊंचाई 35 फीट है। शाम करीब सात बजे रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।

डीएम राजेश कुमार त्यागी और एसपी कुंवर अनुपम सिंह अग्निबाण छोड़कर रावण के पुतले का दहन करेंगे। इससे पहले सीओ सिटी और एसडीएम सदर ने कुंभकरण और एडीएम मेघनाथ के पुतलों का दहन करेंगे।

मीना बाजार में मुस्तैद रहेंगी महिला पुलिस कर्मी

दशहरा स्थल के गेट नंबर एक पर हेड कांस्टेबल के साथ दो पीएसी कर्मी तैनात रहेंगे। जबकि गेट नंबर दो और तीन पर भी यहीं स्थिति रहेगी। रामलीला मैदान पुलिस बूथ पर दो दरोगा और दो महिला कांस्टेबल रहेंगी। नाब पर दो कांस्टेबल लगाए गए हैं। बड़े झूले पर एक दरोगा समेत दो पुलिस कर्मी रहेंगे।

मीना बाजार में एक महिला दरोगा समेत तीन महिला पुलिस कर्मी तैनात रहेंगी। पूरे रामलीला मैदान में सुरक्षा कह जिम्मेदारी दो दरोगाओं समेत तीन पुलिस कर्मियों पर रहेगी। पुतला दहन स्थल पर एक फायर टैंकर, शक्ति मोबाइल, क्यूआरटी रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें