अमरोहा के प्रस्तावित नौगावां तहसील का मैप
- फोटो : amar ujala
नवसृजित नौगावां सादात तहसील के लिए हुसैनी चौक के पास चुनी गई जमीन में पेच फंसने के बाद तहसील प्रशासन ने तहसील के लिए नए सिरे से प्रस्ताव तैयार किया है। इस बार तहसील प्रशासन की पसंद बनी है, बिजनौर रोड पर खाली पड़ी कताई मिल की सरकारी जमीन। तहसील भवन के निर्माण के लिए नये सिरे से प्रस्ताव तैयार कर एडीएम को सौंपने की तैयारी है। यहां से मंजूरी के लिए इसे शासन को भेजा जाएगा।
सपा सरकार में विवादों के घेरे में रही नवसृजित नौगावां सादात तहसील के निर्माण में अब नया मोड़ आया है। तहसील भवन के निर्माण को लेकर जहां सपा के दो दिग्गजों के बीच जुबानी जंग हुई, उसी तहसील भवन के निर्माण के लिए अब नए सिरे से प्रस्ताव तैयार किया गया है।
सपा सरकार में तहसील का निर्माण हुसैनी चौक पर बिजलीघर के पास होने की बात कही गई थी। यहां किसान जमीन देने को भी राजी हो गए थे। अब तहसील प्रशासन की मानें तो भवन निर्माण के लिए जितनी जमीन की आवश्यकता थी, वहां उतनी पूरी नहीं हो पा रही है।
इसके बाद तहसील प्रशासन ने भवन निर्माण के लिए नए सिरे से विचार प्रारंभ किया। गोपनीय तरीके से इसके लिए बिजनौर रोड स्थित बंद पड़ी कताई मिल की जमीन को चिह्नित किया गया। तहसीलदार मान सिंह पुंडीर की माने तो तहसील भवन के निर्माण के लिए लगभग दो हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है।
यहां पूरी जमीन मिल रही है और ये सरकारी भी है। इसके अलावा स्टेट हाईवे होने के कारण किसी को यहां पहुंचने में परेशानी भी नहीं होगी। फिलहाल तहसील का प्रस्ताव तैयार कर इसे एडीएम महमूद आलम अंसारी को सौंपने की बात कही जा रही है।
डीएम की मुहर लगने के बाद इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगी। एडीएम महमूद आलम अंसारी का कहना है कि तहसील प्रशासन का प्रस्ताव अभी प्राप्त नहीं हुआ है। यदि प्रस्ताव बना है तो काफी अच्छा है। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।