अवैध निर्माण को तोड़ती हुई जेसीबी व नोंकझोंक करते हुए कर्मचारी व मकान मालिक
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। नगर की शेरपुर चुुंगी पर अनधिकृत रूप बने मकान को मंगलवार को जेसीबी से हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि अतिक्रमण तोड़ने पर मकान मालिक का पुत्र पालिका कर्मचारियों से भिड़ गया। वहीं आरोपी ने पालिकाकर्मियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए हैं।
नगर की शेरपुर चुंगी के निकट अफसर अली का मकान बना हुआ है। पालिका का कहना है कि उसका मकान सरकारी सड़क से काफी आगे बढ़ाकर बनाया गया है। इसकी शिकायत कुछ लोगों द्वारा पालिका प्रशासन से की गई थी। पालिका कर्मचारी मंगलवार को अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। पालिकाकर्मियों ने जैसे ही मकान का अवैध हिस्सा तोड़ना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस पर अफसर उनसे भिड़ गया। उनके साथ मारपीट की गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। पालिका की टीम कार्रवाई पूरी किए बिना ही लौट गई। उधर, अफसर अली ने पालिकाकर्मियों पर अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है।