अमरोहा। पंचायत चुनाव में खपाने को लग्जरी कार से लाई जा रही करीब 32 पेटी हिमाचल प्रदेश मार्का की अंग्रेजी शराब पुलिस ने सोमवार तड़के गजरौला हसनपुर मार्ग पर पकड़ी। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब दो लाख रुपये मानी जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर होली का त्योहार और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए शराब माफिया और अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर गजरौला मार्ग ब्लॉक चौराहा पर एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया। इसकी तलाशी लेने पर उसमें रखी 32 पेटी अंग्रेजी मार्का हिमाचल प्रदेश की शराब बरामद की। उन्होंने बताया कि शराब को होली का त्योहार एवं पंचायत चुनाव में खपाने की तैयारी की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओमपाल सिंह निवासी मोहल्ला कमला विहार, पीतल नगरी थाना कटघर जिला मुरादाबाद बताया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी का चालान किया गया है।