आदमपुर। खेत में पशुओं से फसल को नुकसान पहुंचाने का विरोध करने पर दबंगों ने महिला और उसके बेटे को लाठी-डंडों से पीट दिया। आरोप है कि घर में घुसकर बेटे के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और 50 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर व कंप्यूटर का सामान लूट लिया। पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
निरयावली खादर गांव निवासी विमलेश के मुताबिक, पांच नवंबर की सुबह सात बजे गांव के निरौती, विजेंद्र, सतवीर, राधा और माया के पशु उनके खेत में फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि राधा ने उनके कानों से सोने के कुंडल भी खींच लिए। हमले में विमलेश और उनका बेटा शिवम घायल हो गए। विमलेश की हाथ की अंगुली भी फट गई।
शिवम जान बचाकर घर पहुंचा तो आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुस आए। निरौती ने लोहे की रॉड से उसके सिर और विजेंद्र ने हाथ पर लाठी से वार किया। इससे शिवम की खोपड़ी फट गई और वह बेहोश हो गया। आरोपियों ने घर से 50 हजार रुपये, चांदी की पायल, अन्य जेवर और बेटे की कंप्यूटर टेबल भी ले जाने का आरोप है।
परिवार ने डायल 112 को सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और फोटोग्राफी की, लेकिन आदमपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।