गजरौला (अमरोहा)। हाईवे की मुरादाबाद लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित की जाएगी। इसके बाद दिल्ली लेन पर ही दोनों ओर के वाहन चलेंगे। एमडीए कॉलोनी के सामने डिवाइडर को काटकर बनाए गए अस्थायी कट से वाहनों को डायवर्ट कर मुरादाबाद लेन पर भेजा जाएगा।
टीएसआई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के दौरान ब्रजघाट से यूएस कट तक हाईवे वनवे रहेगा। दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित होगी, जबकि मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहनों की लेन पर ही दोनों ओर के वाहन चलेंगे। बुधवार को एमडीए कॉलोनी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारियों ने जेसीबी से कट एक अस्थायी कट बनाया है, जिससे मुरादाबाद लेन के वाहनों को दिल्ली लेन पर भेजा जाएगा। टीएसआई ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 22 फरवरी से हाईवे पर वनवे करने की तैयारी। हालांकि, भीड़ बढ़ने पर पहले भी डायवर्जन प्लान लागू किया जा सकता है।
जुबिलेंट के सामने सर्विस रोड पर आएंगे कांवड़िये
टीएसआई ने बताया कि ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़िये अपनी आरक्षित लेन पर आएंगे। उनको जुबिलेंट के सामने से चौपला तक सर्विस रोड से निकाला जाएगा। इसी सर्विस रोड से आगे होटल हब में कट से दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन पर चढ़कर गंतव्य को रवाना होंगे, जबकि हरिद्वार से आने वाले कांवड़िये ख्यालीपुर ढाल पर हाईवे पर चढ़ेंगे। सलेमपुर गौसाईं से नगर में प्रवेश होने वाले कांवड़िये नगर के बस्ती मोहल्ले से इंदिरा चौक होते हुए चौपला पार कर हसनपुर की दिशा में जाएंगे।