गजरौला। प्रेमिका संग मिल उसके पति की रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोपी युवक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के दारानगर गांव का निवासी ओमपाल (35) का शव बृहस्पतिवार की सुबह घर में ही फंदे पर लटका मिला था। आरोप है कि ओमपाल की हत्या उनकी पत्नी कल्लो और उसके प्रेमी बबलू ने बुधवार रात रस्सी से गला दबाकर की थी। बबलू आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद निवासी है। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई जोगेश की तहरीर पर कल्लो व उसके प्रेमी
बबलू के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की थी।आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन प्रेमी बबलू हाथ नहीं लगा था। उसे शनिवार सुबह रोडवेज स्टैंड के निकट से
गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया।
पुलिस ने प्रेमिका कल्लो के पति ओमपाल के हत्यारोपी बबलू को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि इस दौरान उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। उसने बताया कि बुधवार को दिन में ओमपाल ने उसके साथ मारपीट की थी। तब उसे रास्ते से हटाने की ठान ली थी। वह दारानगर से चला गया था।रात को फिर दारानगर में प्रेमिका के घर आया। उस समय ओमपाल सोया हुआ था। तभी उसने कल्लो को जगाया और कहा कि आज मौका है ओमपाल को रास्ते से हटा देते हैं । इसके बाद उसने वहीं पर पड़ी एक प्लास्टिक की रस्सी का फंदा बनाकर ओमपाल के गले में डाल दिया । ओमपाल छटपटाया तो उसकी पत्नी कल्लो ने उसके दोनों हाथ कस कर पकड़ लिए। दोनों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए ओमपाल के शव को गले में साड़ी का फंदा लगाकर पंखे से लटका दिया।