इश्क आग का दरिया है और डूब कर जाना है। यह फलसफा अमरोहा में हकीकत बनता नजर आ रहा है। प्यार में धोखा खाई युवती ने प्रेमी के सारे कसूर माफ कर उसी से शादी का इरादा कर लिया है। अब मंगलवार को उसने मां संग एएसपी से मुलाकात की और शादी कराने की गुहार लगाई। चेतावनी दी कि, पुलिस उसकी मोहब्बत को मुकाम दिलाने में नाकाम रही तो हक के लिए खुद ही प्रयास करेगी। वह युवक के घर ही डेरा डाल देगी और शादी कराए जाने तक वहां धरना देगी।
गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में काम करने वाले बिहार के कटिहार निवासी परिवार की एमबीए उत्तीर्ण लड़की का साथ में काम करने वाले रजबपुर थाना क्षेत्र के जगुआ गांव के युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। इस बीच दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए। युवक की अच्छी नौकरी थी, लिहाजा बेटी की खुशी के खातिर युवती के परिजन भी शादी के लिए रजामंद हो गए थे। इससे युवक प्रेमिका को कई शहरों में साथ लेकर भी गया था।
बाद में युवक ने लड़की का फोन उठाना बंद कर दिया। इस पर उसे छले जाने का एहसास हुआ। इस पर वह अपनी मां को साथ लेकर जगुआ गांव पहुंची, मगर यहां युवक नहीं मिला। परिजनों ने भी कुछ नहीं बताया। अब मंगलवार को युवती व इसकी मां एएसपी उदय शंकर सिंह के पास पहुंची। यहां पूरी घटना बताई।
युवती की मां ने बेटी की शादी युवक के साथ कराने की मांग की। एएसपी ने रजबपुर थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश देते हुए मां बेटी को थाने भेज दिया। उधर, युवती ने चेतावनी दी है कि प्रेमी युवक संग शादी नहीं कराई गई तो वह उसके घर जाकर धरने पर बैठ जाएगी।