जिले में फार्मासिस्टों की हड़ताल के दूसरे दिन भी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। मरीजों के पर्च बनाए गए न ही औषधि वितरण केंद्र खोला गया। जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर तालाबंदी रही। डाक्टर कक्षों में बैठ रहे, मगर बगैर पर्चा किसी ने मरीज नहीं देखा।
कुछ मरीज बिना पर्चे के ही हालत खराब होने पर बेंच पर लेट गए। थोड़ी तबियत सुधरी तो सीधे घरों के लिए निकल गए। कोई बुखार से पीड़ित था तो कोई अन्य बीमारी से। हर किसी के चेहरे पर दवाई न मिलने का मलाल साफ दिख रहा था। पूछ रहे थे कि कब टूटेगी हड़ताल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सेवाएं अस्त व्यस्त रहीं।
बुधवार को दूसरे दिन भी जिला अस्पताल का नजारा जुदा दिखा। डाक्टर व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ बाकायदा उपस्थित था, लेकिन चारों ओर सन्नाटा ही पसरा था। इमरजेंसी सेवाएं चालू थीं, लेकिन बुखार व अन्य बीमारी से पीड़ित किसी मरीज को नहीं देखा जा रहा था। औषधि वितरण केंद्र पर ताला लटका था। जो मरीज भूलवश अस्पताल में दाखिल हो गए थे, उनको भारी परेशानी उठानी पड़ी। पर्चा नहीं मिला और न ही दवाई।
बुखार से बेदम हुए कुछ मरीज अस्पताल की बेंच पर ही लेट गए। थोड़ा आराम मिलने के बाद डाक्टरों से पुराने पर्चे पर दवा लिखवाई और चले गए। वार्डों में कोई मरीज नहीं होने की वजह से सुनसान सा माहौल था। यही हाल जनपद भर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का रहा। सुबह से मरीज पहुंच गए, मगर दवाई नहीं मिलने के कारण दिन भर बेचैन रहे। डाक्टरों ने भी कोई मरीज नहीं देखा। अस्पतालों में फ्री जांच भी नहीं हो पाईं। सभी जगह ताला लटका मिला। स्थिति देख लग रहा था कि मानों पूरे जिले की रफ्तार थम सी गई हो।
आज चालू होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
अमरोहा। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने दूसरे दिन भी काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल रखी। दोपहर 12 बजे शासन के आश्वासन पर उसको समाप्त कर दिया गया। गुरुवार को रोज की तरह अस्पताल खुलेंगे।
बुधवार की सुबह एसोसिएशन के बैनर तले सीएचसी जोया, मुन्नी देवी अस्पताल, सीएचसी अमरोहा व जिला अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट जिला अस्पताल परिसर में जमा हुए और काम बंद कर हड़ताल पर बैठ गए। इस दौरान जिलाध्यक्ष पीएन तिवारी ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं की जाएगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिला मंत्री आईएच अंसारी ने सभी पदाधिकारियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
दोपहर में शासन ने फार्मासिस्टों को मांगे पूरा करने का भरोसा दिलाया, जिस पर हड़ताल खत्म कर दी गई। इस अवसर पर ओमजंगपाल, प्रदीप कुमार, स्वर्ण सिंह, रणवीर सिंह, नरेंद्र कुमार, नरेंद्र सिंह, एमबी उपाध्याय, रामनिवाज, राकेश पाल, संजय सैनी, वैजनाथ गुप्ता, चंद्रभान सिंह, सुधीर नायर, मनीष कुमार, पंकज जायसवाल आदि थे।
ये सेवाएं दूसरे दिन भी रहीं ठप
एक्सरे सेवा, अल्ट्रासाउंड सेवा, खून की जांच, मलेरिया व टायफाइड की जांच, गर्भवतियों की जांच, औषधि वितरण, हीमोग्लोबिन जांच, एचआईवी जांच व अन्य विभागीय कार्य।