गजरौला। भाई को दरोगा भर्ती की परीक्षा दिलाकर लौट रहे लाइब्रेरी संचालक पर रास्ते में कुछ युवकों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे से पिटाई कर घायल कर दिया। उसके सारे शरीर पर पिटाई से नील पड़ गए। उसे उपचार के लिए सीएचसी में लाया गया। पुलिस ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दीपुर निवासी तुषार पाल की गजरौला के सुल्तान नगर में नवादा मार्ग पर लाइब्रेरी है। उनका कहना है कि कई दिन पूर्व एक युवक उनकी लाइब्रेरी में आया। वह तेज आवाज में मोबाइल पर गाने सुनने लगा। उनके विरोध करने पर वह देख लेने की धमकी देकर गया था। बीते रविवार को वह अपने छोटे भाई को अमरोेहा में दरोगा भर्ती की परीक्षा दिलाने गए थे। जहां से देर शाम लौटने के बाद घर जा रहे थे। रास्ते में आधा दर्जन युवकों ने उनको घेर लिया। लाठी-डंडे से उनकी पिटाई की।
उन्होंने रात में ही मेडिकल कराया। पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने नवादा गांव निवासी बॉबी उसके भाई राजा, जानू और कटाई निवासी भूपेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।