अमरोहा। शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक स्कूटी ट्रायल के बहाने शोरूम से लेकर भाग गया। घटना रविवार हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
रविवार को एक युवक शहर स्थित एचएच ऑटोमोबाइल शोरूम पर पहुंचा और काफी देर तक अलग-अलग स्कूटी देखता रहा। इसके बाद उसने एक स्कूटी पसंद की और उसे तैयार कराने के साथ उसकी तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। कुछ देर बाद युवक ने शोरूम कर्मचारियों से कहा कि वह स्कूटी को थोड़ा ट्रायल करके देखना चाहता है। कर्मचारियों ने भरोसा करते हुए उसे स्कूटी दे दी। युवक स्कूटी लेकर शोरूम से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।
जब कर्मचारियों ने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। काफी देर इंतजार के बाद शोरूम कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।