नौगांवा सादात। घर से निकले मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच सोशल मीडिया पर किसी ने फोटो डाल दिए। फोटो देखकर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कुरैशी निवासी अकरम (32) पेशे से मजदूर था। उसके परिवार में पत्नी समीना के अलावा दो बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम अकरम घर से बिना बताए निकला था। इस दौरान उसे अमरोहा से नौगांवा सादात रोड अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही अमरोहा नगर और नौगांवा सादात पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद पता चला कि घटनास्थल नौगांवा सादात थानाक्षेत्र का है। लिहाजा नौगांवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कई घंटे तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस बीच मृतक की फोटो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। फोटो देखकर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, उन्होंने शव की पहचान अकरम के रूप में की।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अकरम की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।