जनता सपा सरकार से त्रस्त है। सपा सरकार की विफलता से ही यूपी में कैराना और जवाहर बाग जैसे मामले सामने आए हैं। अब उत्तर प्रदेश में बदलाव का वातावरण बन रहा है। सपा-बसपा से निराश जनता को भाजपा से ही उम्मीद है। यह बातें निफ्ट के नवनियुक्त चेयरमैन, पूर्व क्रिकेटर और पूर्व भाजपा सांसद चेतन चौहान ने कहीं।
एक कार्यक्रम के लिए अमरोहा आए भाजपा चेतन चौहान ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। इसी वजह से मथुरा कांड और कैराना जैसे हालात सामने आए हैं। अपराधियों की वजह से हिंदू और मुस्लिम पलायन कर रहे हैं।
प्रदेश की कैबिनेट पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यहां पांच-पांच मुख्यमंत्री हैं। आरोप लगाया कि जनता से रंगदारी वसूली जा रही है और सरकार चुप्पी साधे हुए है। मथुरा के जवाहरबाग की घटना प्रदेश सरकार की असफलता का उदाहरण है। आरोप लगाया कि, अपराधियों को सरकार का संरक्षण है। कैराना और मथुुरा कांड की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।