दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित कराएंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है। इस संबंध में जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है। यह बात राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष जुगल किशोर वाल्मीकि ने कही। वे बृहस्पतिवार को गजरौला में नगर पालिका परिषद के सभागार में सफाई कर्मचारियों और पालिका कर्मचारियों की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने समस्याएं सुनीं और प्रदेश सरकार की खूबियां भी गिनाईं। बोले- संविदा सफाई कर्मचारियों का मानदेय पिछली सरकारों में 6000 रुपये था, अब सपा सरकार ने मानदेय 15330 रुपये कर दिया है। ठेका कर्मचारियों को 6400 रुपये दिए जाते हैं। बताया कि, संविदा कर्मियों को अवकाश और एरियर दिलाने के प्रयास भी चल रहे हैं। कहा कि, ठेका कर्मचारियों के लिए 259 रुपये प्रतिदिन का जीओ भी आ गया है।
इसके अलावा उन्होंने अधिशासी अधिकारी कामिल पाशा को मैला उठाने वाले सफाई कर्मियों की री-सर्वे कराने की बात कही। बोले- कहा कि इन्हें पेंशन का लाभ दिलवाया जाएगा। साथ ही कहा कि ठेकेदार अपने कर्मचारियों की कर्मचारी भविष्य निधि के लिए खाते खुलवाएं। इससे पहले उनका गजरौला के पालिका परिषद में सुबह 11 बजे फूल माला पहनाकर स्वागत किया। लिपिक आदेश कुमार, चमन कुमार समेत पालिका कर्मी व सफाई कर्मचारियों के नेता गण आदि मौजूद रहे।