अमरोहा। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नवनीत कुमार गोला एडवोकेट ने आरोप लगाया है कि ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले के पूजन निमंत्रण कार्ड पर सपा के जन प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गंगा मेले में केवल भाजपा के जन प्रतिनिधियों को प्रमुखता से सम्मान दिया गया है। यह आचरण न सिर्फ लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है, बल्कि प्रशासन की निष्पक्षता पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
तिगरी गंगा मेला धार्मिक आस्था सामाजिक सौहार्द और जनता की भागीदारी का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में सभी दलों के जन प्रतिनिधियों को समान सम्मान मिलना चाहिए। वह भी जनता की ओर से चुने गए प्रतिनिधि हैं। किसी एक पार्टी के नहीं निमंत्रण पत्र से सपा के प्रतिनिधियों को बाहर रखना बताता है कि जिले के जिम्मेदार अधिकारी सत्ता के दवाब में काम कर रहे हैं। लोकतंत्र में प्रशासन का दायित्व है कि सभी को समान अवसर और सम्मान दे। ऐसे भेदभावपूर्ण निर्णय समाज को बांटने का काम करते हैं और अधिकारी वर्ग की निष्पक्षता पर दाग लगाते हैं।